Surat: डिंडोली में SMC का बड़ा ड्रग्स भंडाफोड़: 1 किलो से ज्यादा MD ड्रग्स जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार
गुजरात राज्य के स्टेट मॉनिटरिंग सेल (SMC) द्वारा सूरत शहर में ड्रग्स तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। 3 और 4 फरवरी 2026 को डिंडोली क्षेत्र स्थित फ्लावर गार्डन के पास रीजेंट प्लाजा में एसएमसी की टीम ने अचानक छापा मारकर 1 किलो से अधिक प्रतिबंधित मेफेड्रोन (MD) ड्रग्स बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में पुलिस ने राजस्थान मूल के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एक बड़े ड्रग्स रैकेट का खुलासा किया है।
छापेमारी का विवरण और जब्त माल
एसएमसी की टीम को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर डिंडोली स्थित रीजेंट प्लाजा के फ्लैट नंबर F-304 में छापा मारा गया। तलाशी के दौरान पुलिस को फ्लैट से 1053.65 ग्राम मेफेड्रोन ड्रग्स मिला, जिसकी बाजार कीमत लगभग 31,60,950 रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने 8 लाख रुपये कीमत के 2 वाहन, 95 हजार रुपये कीमत के 4 मोबाइल फोन और 61,100 रुपये नकद सहित कुल 41,17,050 रुपये का माल जब्त किया है।
पुलिस ने मौके से निम्न तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
ओमप्रकाश रूमाराम जाट (निवासी: बोरनाड़ा गांव, लूणी, जोधपुर, राजस्थान) – आरोपी एमडी ड्रग्स का मुख्य सप्लायर बताया जा रहा है।
महेंद्र सोहनलाल जोशी (वर्तमान निवासी: रीजेंट प्लाजा, डिंडोली, सूरत; मूल निवासी: कलवाणा गांव, उदयपुर, राजस्थान)।
चैलसिंह हाथीसिंह पुरोहित (वर्तमान निवासी: रीजेंट प्लाजा, डिंडोली, सूरत; मूल निवासी: सिराणा गांव, जालोर, राजस्थान)।
तीन मुख्य सप्लायर वांटेड
इस ड्रग्स नेटवर्क में शामिल अन्य तीन आरोपियों को पुलिस ने वांटेड घोषित किया है। इनमें पर्वत पाटिया क्षेत्र में रहने वाला अमित काबा (मूल निवासी: भीनमाल, राजस्थान) तथा राजस्थान के झालावाड़ के मुख्य सप्लायर राजेश पाटीदार और कंवर पाल सिंह शामिल हैं। इन तीनों आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने टीमें सक्रिय कर दी हैं।
एसएमसी के पीआई सी.एच. पनारा और पीएसआई आर.जी. वसावा समेत टीम ने एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8(सी), 22(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से सूरत के ड्रग्स माफियाओं में हड़कंप मच गया है।